उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले के रामगांव थाना क्षेत्र के निंदुरपुरवा गांव में बुधवार को एक वीभत्स घटना सामने आई है। किसान विजय मौर्या (40 वर्ष) ने गांव के 2 लड़कों सहित अपनी 2 बेटियों की हत्या करने के बाद पत्नी संग खुद को आग लगाकर जान दे दी, जिससे कुल छः लोगों की मौत हो गई।

विजय मौर्या ने लहसुन की बुवाई के बहाने गांव के 2 नाबालिग लड़कों, सूरज (14) और सनी वर्मा (14) को घर बुलाया। शुरुआती जांच के अनुसार, उसने पहले दोनों बच्चों का गला रेता, फिर अपनी बेटियों टेंडवा (8) और छुटकी (6) की हत्या की। इसके बाद, उसने अपनी पत्नी धीरज कुमारी (35) के साथ खुद को घर में बंद कर आग लगा ली।

आग की लपटें देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद घर से छः शव बरामद किए गए। आग में मवेशी और ट्रैक्टर भी जल गए। ग्रामीणों ने बताया कि 2 महीने पहले विजय के 1 बेटे की मौत हो गई थी, जिससे वह सदमे में था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।



